हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र आज हंगामे के बीच शुरू हुआ। कार्यवाही शुरू होते ही राष्ट्रगीत वंदे मातरम् को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।
मानसून सत्र के पहले दिन की कार्यवाही राष्ट्रगान के साथ शुरू हुई। इसके बाद भाजपा विधायकों ने सदन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् गाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान सत्तारूढ़ दल के सदस्य और अन्य मंत्री भी अपनी सीटों पर खड़े होकर नारे लगाने लगे।
हंगामा बढ़ने पर विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने सदस्यों से सदन में व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि विधानसभा में परंपरा और नियम के अनुसार सत्र की शुरुआत राष्ट्रगान से और समापन राष्ट्रगीत के साथ होता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा अपने नियमों के अनुसार काम करती है।
विपक्ष की ओर से भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने सदन में वंदे मातरम् गाने का अनुरोध किया था, लेकिन इसकी अनुमति नहीं दी गई। श्री परमार ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रगीत के सम्मान को लेकर गंभीर नहीं है।