अगस्त 22, 2026 8:43 पूर्वाह्न

printer

गृह मंत्री अमित शाह ने भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन देने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार की सराहना की

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल को 1,129 एकड़ जमीन देने के लिए राज्य सरकार की सराहना की है।
 
सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम में श्री शाह ने कहा कि नई सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर जमीन उपलब्ध कराई गई, जबकि इसकी मांग वर्ष 2014 से लंबित थी। उन्होंने कहा कि घुसपैठ रोकने और देश की सुरक्षा के लिए सीमा पर बाड़ लगाना जरूरी है। उन्होंने अवैध प्रवासियों की पहचान, उन्हें हटाने और वापस भेजने की कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
 
श्री शाह ने सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे ‘चिकन नेक’ भी कहा जाता है, को पूर्वोत्तर की सुरक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने करीब 189 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
 
गृह मंत्री ने तीन नए आपराधिक कानूनों पर छह दिन की जागरूकता प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। श्री शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार ने सत्ता संभालने के तीन दिन के भीतर तीन नए आपराधिक कानून लागू कर अपना वादा पूरा किया। उन्होंने कहा कि इन कानूनों का उद्देश्य लोगों में डर नहीं, बल्कि विश्वास पैदा करना है। उन्होंने कहा कि नए कानूनों में तकनीक और फोरेंसिक विज्ञान के इस्तेमाल से तेज और समय पर न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने न्याय व्यवस्था में तकनीक, पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर दिया। श्री शाह ने बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के नए भवन और उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में 20 बिस्तरों वाले नशामुक्ति केंद्र का भी उद्घाटन किया।