त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशभक्ति, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, संप्रभुता और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने सूचना और सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा आयोजित तिरंगा रैली को आज शाम अगरतला स्थित उज्जैयंत पैलेस परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए ये बातें कहीं। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत इस राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत की थी।
डॉ. साहा ने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और संप्रभुता, अखंडता, एकता और देशभक्ति के आदर्शों को कायम रखने का आग्रह किया।