एशियाई खेलों में भारत की कमलजीत और सुरूचि सिंह की जोड़ी ने आज जापान के नागोया में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्सड टीम स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने क्वालीफाइंग राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
पहली सीरीज में 196 अंक बनाने के बाद दोनों ने दूसरी सीरीज में 195 अंक जुटाए और कुल 391 अंक हासिल किए। दूसरी सीरीज में 196 अंक हासिल करने के साथ उनका कुल स्कोर 587 हो गया, इसमें 29 शॉट इनर-10 रहे।
क्वालीफाइंग राउंड की शीर्ष चार जोड़ियां फाइनल में पहुंचती हैं। 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में भारत के लिए यह पदक जीतने का आखिरी मौका है।
वहीं, टेबल टेनिस में भारत के मानुष शाह और दिया चितले ने मिक्सड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में हांगकांग की विश्व नंबर चार जोड़ी डू होई केम और वोंग चुन टिंग को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 11-6, 13-15, 11-9 और 11-5 से जीता।
इस जीत के साथ भारत ने एशियाई खेलों में टेबल टेनिस का पहला पदक पक्का कर लिया है। सेमीफाइनल में मानुष शाह और दिया चितले का सामना चीन की सुन यिंग्शा और वांग चुकिन की जोड़ी से होगा।