मेक इन इंडिया पहल के आज 12 वर्ष पूरे हो गए हैं। वर्ष 2014 में आज ही के दिन इस पहल की शुरुआत भारत को विनिर्माण, डिजाइन और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने के उद्देश्य से की गई थी।
मेक इन इंडिया ने देश के विनिर्माण क्षेत्र को नई दिशा दी है। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में उत्पादन, निवेश और औद्योगिक क्षमताओं का विस्तार हुआ है। इस पहल ने भारत को वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेक इन इंडिया के 12 वर्ष पूरे होने पर कहा कि इस पहल से देश के कई क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आया है और उत्पादन, निवेश तथा निर्यात में बढ़ोतरी हुई है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ का उद्देश्य ऐसा बुनियादी ढांचा, उद्यम और नवाचार तैयार करना है, जिससे भारत विकास और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ सके।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स का उत्पादन 2014-15 के 1.9 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 13.11 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसी अवधि में देश में बने रक्षा उत्पादों का मूल्य 46,429 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.78 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।