सितम्बर 25, 2026 10:51 पूर्वाह्न

printer

पीएम मोदी ने ‘सेवा यात्रा’ में शामिल यात्रियों से किया संवाद, कहा- सबके योगदान से साकार होगा विकसित भारत का संकल्प

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि सबके योगदान और भागीदारी से ही विकसित भारत का संकल्प साकार हो सकता है। श्री मोदी ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वाराणसी से वडनगर जा रहे सेवा यात्रियों से वीडियो कॉफ्रेंस के माध्‍यम से संवाद किया। 
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि वडनगर ने उन्हें जीवन को दिशा देने वाले संस्कार दिए, जबकि काशी ने उन संस्कारों में सेवा के अनगिनत रंग जोड़े। उन्होंने प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की कि युवा भी सेवा के विभिन्न रंगों के साथ इस यात्रा को समृद्ध कर रहे हैं।
 
श्री मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्ष में देश में शहरों और गांवों के बीच का अंतर काफी कम हुआ है। गांवों में बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है और देश की महिलाओं में आत्मनिर्भरता भी बढ़ी है।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए सेवा, संतुलन, धैर्य, समन्वय, सकारात्मकता, संवेदनशीलता और संवाद के सात सिद्धांतों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हर भाजपा कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के दिखाए मार्ग पर चलने पर गर्व महसूस करता है।
 
सेवा यात्रियों ने प्रधानमंत्री के साथ यात्रा के अपने अनुभव साझा किए। श्री मोदी ने यात्रियों से यात्रा के दौरान अपने अनुभवों को डायरी में दर्ज करने का भी आग्रह किया।