सितम्बर 15, 2026 4:08 अपराह्न | Chief Minister Dr. Manik Saha

printer

इंजीनियरिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि विकास के प्रति समर्पित लोगों के प्रयासों और बलिदानों का प्रतीक: मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने कहा है कि इंजीनियरिंग केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि विकास के प्रति समर्पित लोगों के अथक प्रयासों और बलिदानों का प्रतीक है।

डॉ. साहा ने अगरतला के प्रज्ञा भवन में आयोजित 59वें इंजीनियर दिवस के कार्यक्रम में अभियंताओं को देश और राज्य की रीढ़ बताया। यह कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग और इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स ने संयुक्त रूप से आयोजित किया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर के कायाकल्‍प की जानकारी देते हुए कहा कि एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने इस क्षेत्र की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने पूर्वोत्तर के लिए प्रस्तावित “हीरा” मॉडल का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा, लोक निर्माण विभाग के सचिव किरण गिट्टे और ग्रामीण विकास सचिव अभिषेक सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे। उत्कृष्ट योगदान के लिए अभियंताओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया।