हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में परिवहन विभाग द्वारा नंबर प्लेट की पहचान करने वाले ऑटोमेटेड- एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में प्रमुख जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में कुल 775 कैमरे लगाए जाएंगे, जिन पर लगभग 41 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। श्री विज ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसकी स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि यह पहल ‘वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग’ के निर्देशों के अनुसार लागू की जा रही है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि एनसीआर के इन प्रमुख जिलों में जीवन-अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों की पहचान तथा पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए एएनपीआर कैमरे लगाने की प्रक्रिया तेज की जा रही है। उन्होंने कहा कि वाहनों की पहचान की प्रक्रिया के अधिक प्रभावी और व्यवस्थित होने से इस क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।