संयुक्त अरब अमीरात में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले योग से जुड़ी कई गतिविधियां शुरू हो गई हैं। पिछले कुछ वर्षों में, अमीरात में योग अनौपचारिक समूहों से आगे बढ़कर विद्यालयों, कार्यस्थलों और सार्वजनिक संस्थानों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है।
अबू धाबी और दुबई में, भारतीय दूतावास और महावाणिज्य दूतावास ने सामुदायिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से विभिन्न आयु समूहों में योग का प्रचार किया है। इंडियन पीपुल्स फोरम, फ्रेंड्स ऑफ इंडिया और अरब रीजन योगा इंस्ट्रक्टर्स काउंसिल जैसे संगठनों ने विद्यालयों, सार्वजनिक स्थानों और सामुदायिक केंद्रों में स्वास्थ्य और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर योग सत्रों का आयोजन किया है।
दुबई में विभिन्न स्थानों पर सामुदायिक योग कार्यक्रम आयोजित किये गये। शारजाह और अजमान में इसी तरह के आयोजनों में, युवा समूहों और सांस्कृतिक संगठनों ने भाग लिया, जबकि अबू धाबी के कई विद्यालयों में ध्यान और योग के सत्र आयोजित किए गए।