ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल में कल रात भारतीय भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने पुरुषों के 110 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीता, जबकि सीमा कलीरामना ने महिला डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया। आठवें दिन ऑस्ट्रेलिया 110 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बना रहा। वहीं, भारत 17 पदकों के साथ 10वें स्थान पर रहा। भारत के पदकों में तीन स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य पदक शामिल हैं।
लवप्रीत ने स्नैच में गेम्स रिकॉर्ड बनाया और मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए। न्यूजीलैंड के डेविड लिटी ने 389 किलोग्राम भार के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ्स ने 356 किलोग्राम भार के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
महिलाओं के डिस्कस थ्रो में सीमा कलीरामना ने 58 दशमलव छह-पांच मीटर के साथ कांस्य पदक जीता, जबकि उनकी हमवतन निधि रानी चौथे स्थान पर रहीं। जमैका की समंथा हॉल ने 61 दशमलव छह-छह मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की जूलिया टंक्स ने 60 दशमलव छह-सात मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया।
नीरज चोपड़ा ने पुरुषों के भाला फेंक फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। भाला फेंक खिलाड़ी रोहित यादव और यशवीर सिंह भी फाइनल में पहुंच गए हैं। नीरज क्वालीफाइंग राउंड में पांचवें, रोहित यादव नौवें और यशवीर सिंह दसवें स्थान पर रहे।
ट्रिपल जंपर्स के दो भारतीय खिलाड़ी, प्रवीण चित्रवेल और सेल्वा प्रभु थिरुमारन फाइनल में पहुंच गए हैं। तेजस्विन शंकर भी पुरुषों की डेकाथलॉन में पदक की दौड़ में बने हुए हैं। उन्होंने पांच स्पर्धाओं के बाद 4 हजार 339 अंकों के साथ पहले दिन का समापन दूसरे स्थान पर किया।