अमरीका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान के सैन्य प्रतिष्ठानों पर लगातार दूसरी रात हमले किए हैं। इससे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।
अमरीका की केंद्रीय कमान ने कहा कि हमलों में ईरान की वायु रक्षा प्रणालियों, रडार और संचार ढांचों को निशाना बनाया गया। बंदर अब्बास और उसके आसपास तथा क़ेशम द्वीप पर विस्फोट की खबर है।
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने भी क्षेत्र में अमरीकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान ने वाणिज्यिक जहाजों के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने की घोषणा की है और चेतावनी दी कि वहां से गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, अमरीका ने इस दावे को खारिज किया है।
बढ़ते संघर्ष के कारण दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल आ रहा है।
इस बीच, जॉर्डन स्थित अमरीकी दूतावास ने जॉर्डन में हवाई हमलों की आशंका के बीच नागरिकों से घरों के अंदर रहने का आग्रह किया है। उधर, लेबनान की मीडिया ने बेका घाटी के बालबेक के पास इस्राएल के हमले की खबर दी है। हालांकि, इस्राएल ने इसकी पुष्टि नहीं की है।