जुलाई 31, 2026 8:16 पूर्वाह्न

printer

सऊदी अरब और 13 अन्य देशों ने एक बहुराष्ट्रीय समुद्री रक्षा गठबंधन बनाया

सऊदी अरब और 13 अन्‍य देशों ने पश्चिम एशिया के प्रमुख जलमार्गों में नौवहन सुरक्षा के लिए समुद्री रक्षा गठबंधन बनाया है। इस बारे में विचार-विमर्श के लिए रियाद में संबंधित देशों के सैन्‍य अधिकारियों की बैठक के बाद यह घोषणा की गई। संयुक्‍त वक्‍तव्‍य में कहा गया है कि इस सुरक्षा गठबंधन का उद्देश्‍य लगातार बढ़ रही समुद्री चुनौतियों से निपटना है। यह तालमेल समुद्री सहयोग, मुक्‍त नौवहन तथा अंतर्राष्‍ट्रीय व्‍यापार मार्ग और ऊर्जा आपूर्ति स्रोत सुरक्षित करने की रूपरेखा तय करेगा।

यह गठबंधन अंतर्राष्‍ट्रीय कानूनी प्रावधानों के अनुरूप बाब- अल- मनदेब जलडमरूमध्‍य, लाल सागर और अदन की खाड़ी में साझा समुद्री हितों के सुरक्षा प्रयासों का हिस्‍सा है। इस गठबंधन के संस्‍थापक सदस्‍यों में सऊदी अरब, कुवैत, बहरीन, कतर, मिस्र, जॉर्डन, यमन, नाईजीरिया, सूडान, जिबूती और सोमालिया शामिल हैं। सदस्‍य देशों ने कहा यह गठबंधन किसी भी देश, गठजोड़ या अंतर्राष्‍ट्रीय गठजोड़ को लक्षित करके नहीं बनाया गया है बल्कि पूरी तरह रक्षात्‍मक उद्देश्य के लिये है। इसकी समस्‍त गतिविधियां अंतर्राष्‍ट्रीय कानून के अनुपालन में होंगी तथा किसी भी देश की संप्रभुता और नौवहन स्‍वतंत्रता का सम्‍मान करेगी। सदस्‍य देशों में सऊदी अरब को गठबंधन का नेतृत्‍व सौंपने और स्‍थायी मुख्‍यालय बनाने की सहमति बनी।