उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन आज श्रीलंका के नुवारा एलिया पहुंचे जहां स्थानीय समुदाय ने उनका पारंपरिक स्वागत किया। इस दौरान उपराष्ट्रपति ने भारतीय आवासीय परियोजना के अंतर्गत निर्मित मकानों का दौरा किया। इस परियोजना का उद्देश्य श्रीलंका में भारतीय मूल के तमिल समुदाय के जीवन स्तर में सुधार लाना है। उपराष्ट्रपति ने समुदाय के सदस्यों से बातचीत कर उनके अनुभव सुने।
कल उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायकअ़ और प्रधानमंत्री हारिणी अमरसूर्य के साथ विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की।
उपराष्ट्रपति की यह यात्रा भारतीय मूल के तमिल लोगों के कल्याण के लिए भारत की प्रतिबद्धता को उजागर करती है। इसे आपसी संबंधों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी देखा जा रहा है।