अगस्त 2, 2026 8:44 पूर्वाह्न

printer

राष्‍ट्रमंडल खेल: 10वें दिन अलग-अलग स्‍पर्धाओं में 16 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंचा भारत

ग्लासगो में जारी राष्‍ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन चार अलग-अलग स्‍पर्धाओं में 16 पदक जीतकर भारत, पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत ने 13 स्‍वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्‍य सहित कुल 39 पदक जीते हैं। भारत के खाते में सबसे ज्‍यादा, 10 पदक मुक्‍केबाजी से आए हैं। भारतीय एथलीटों ने पुरुषों के पैरा शॉट पुट और पुरुषों की ट्रिपल जंप में दो-दो मेडल जीते, जबकि जूडो और एथलेटिक्स में एक-एक मेडल हासिल किया।

भारतीय मुक्केबाजों ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सात स्‍वर्ण पदक जीते। यह इन खेलों के किसी एक संस्करण में किसी भी देश द्वारा जीते गए सर्वाधिक स्‍वर्ण पदक हैं। इसके साथ ही भारतीय मुक्‍केबाजों ने तीन रजत पदक भी अपने नाम किए हैं। मुक्केबाज प्रीति पवार, जैस्मिन लंबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घांघस, अरुंधति चौधरी, सचिन सिवाच और अंकुश पांघल ने स्‍वर्ण, जबकि जादुमणि सिंह, लवलीना बोरगोहेन और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक जीते।

भारत को पैरा एथलेटिक्स में भी सफलता मिली, जहाँ पुरुषों की एफ-57 शॉट पुट स्‍पर्धा में भारत के खिलाड़ियों ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। सोमन राणा ने स्‍वर्ण, जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक जीता। एथलेटिक्स टीम ने तीन और पदक जीते। पुरुषों की ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल ने रजत और सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने कांस्‍य पदक जीता, जबकि लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की पांच हजार मीटर दौड़ में कांस्‍य पदक जीता। जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने भी महिलाओं के 63 किलो भार वर्ग में कांस्‍य पदक अपने नाम किया।