अगस्त 2, 2026 8:44 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने नीट (पीजी)- 2026 की तैयारियों की समीक्षा की

केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय स्नातकोत्तर पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- (नीट- पीजी) 2026 की तैयारियों की समीक्षा की है। कल बैठक के दौरान परीक्षा के सुचारू, सुरक्षित, पारदर्शी और उन्‍नत प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से संचालन सुनिश्चित किए जाने पर व्‍यापक विचार-विमर्श किया गया। ये परीक्षा इस महीने की 30 तारीख को आयोजित की जाएगी।

श्री नड्डा ने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड -एनबीईएमएस, प्रौद्योगिकी भागीदारों और परीक्षा संचालन में शामिल अन्य हितधारकों की तैयारियों का आकलन किया। उन्हें परीक्षा व्यवस्था, उम्मीदवारों की सुविधा के उपाय, सुरक्षा ढांचा और नीट-पीजी 2026 के लिए शुरू किए गए प्रौद्योगिकी-आधारित उपायों के बारे में जानकारी दी गई।

श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और उम्मीदवार-हितैषी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए, साथ ही सत्यनिष्ठा और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जाना चाहिए। श्री नड्डा ने उम्मीदवारों से कहा कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल एनबीईएमएस तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

उन्होंने कहा कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले एक अत्यंत सुरक्षित, एन्क्रिप्टेड और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से प्रश्न पत्र को अंतिम रूप दिया जाता है, जिसमें तकनीकी और परिचालन सुरक्षा के कई स्तर होते हैं जो परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय तक इसकी गोपनीयता सुनिश्चित करते हैं।

श्री नड्डा ने परीक्षा के लिए किए गए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की। इसके अलावा उन्‍होंने सभी संबंधित एजेंसियों को यह सुनिश्चित करने के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया ताकि हर परीक्षार्थी को एक सुगम, सुरक्षित और परेशानी मुक्त परीक्षा प्रक्रिया का अनुभव हो।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, नीट-पीजी 2026 के लिए कुल 2 लाख 73 हजार 183 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 दशमलव 5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। परीक्षा लगभग 340 शहरों और 1300 से अधिक परीक्षा केंद्रों पर एक ही  पाली में आयोजित की जाएगी।