अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जब तक ईरान समुद्री जहाजों पर हमले बंद नहीं करता और बातचीत के लिए तैयार नहीं होता, तब तक अमेरिकी हमले जारी रहेंगे। इस बीच, अमरीकी विदेश विभाग ने पश्चिम एशिया में रह रहे अपने नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने या स्थिति बिगड़ने पर वहां से निकलने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है।
बढ़ते तनाव के बीच गाजा और लेबनान में भी इज़राइल ने नए हवाई हमले किए हैं। वहीं, ईरान ने कहा है कि अगर उस पर हमला हुआ तो वह इज़राइल के महत्वपूर्ण ठिकानों और पश्चिम एशिया में अमरीकी ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाएगा। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि ईरान ने संभावित सैन्य कार्रवाई की स्थिति में इज़राइल के अहम ठिकानों और क्षेत्र में मौजूद अमरीकी ऊर्जा परिसंपत्तियों पर हमला करने की योजना तैयार कर ली है।