केंद्र सरकार ने राज्यों को कर हस्तांतरण की अतिरिक्त किस्त के रूप में एक लाख नौ हजार उन्नीस करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह राशि 10 अगस्त को होने वाले नियमित मासिक हस्तांतरण के अतिरिक्त है। वित्त मंत्रालय ने बताया कि इस अतिरिक्त किस्त का उद्देश्य राज्यों को पूंजीगत और विकास कार्यों पर खर्च बढ़ाने के लिए अधिक धन उपलब्ध कराना है।
वित्त मंत्रालय द्वारा जारी राज्यवार विवरण के अनुसार, उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक 19 हजार 208 करोड़ रुपये मिले हैं। इसके बाद बिहार को 10 हजार आठ सौ पैंतालीस करोड़ और मध्य प्रदेश को 8 हजार 10 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। पश्चिम बंगाल को 7 हजार आठ सौ छियासठ करोड़ और महाराष्ट्र को 7 हजार 22 करोड़ रुपये मिले हैं। वहीं, छोटे राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को भी उनकी हिस्सेदारी दी गई है। इनमें सिक्किम को तीन सौ पैंसठ करोड़, गोवा को तीन सौ अट्ठानवे करोड़ और नगालैंड को 524 करोड़ रुपये मिले हैं।