अमरीका ने ईरान पर अस्थायी रूप से बड़े प्रतिबंध हटा दिए हैं। इनमें ईरानी मूल के कच्चे तेल, पेट्रोलियम और पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उत्पादन, वितरण और बिक्री को अधिकृत किया गया है। अमरीका के राजकोष विभाग ने बताया कि 60 दिन के लिए जारी किया गया सामान्य लाइसेंस 21 अगस्त तक प्रभावी रहेगा। यह कार्रवाई अमरीका और ईरान के बीच अंतिम शांति समझौते को सुरक्षित करने के उद्देश्य से अंतरिम समझौते की समयसीमा के अनुरूप है। बैंकिंग लेनदेन, बीमा और समुद्री परिवहन सहित अन्य संबंधित सेवाओं पर प्रतिबंधों से राहत दी गई है।
अमरीका में बिक्री और वितरण को पूरा करने के लिए आवश्यक होने पर ईरानी तेल के आयात की भी अनुमति प्रदान की गई है। हालाँकि, उत्तर कोरिया और क्यूबा से जुड़े लेनदेन प्रतिबंधित रहेंगे। अमरीका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस ने बताया है कि स्विट्जरलैंड में हुई राजनयिक वार्ता से स्थायी समझौते के संकेत मिले है। हालाँकि, ईरान के अधिकारियों ने जे.डी.वेंस के इस दावे का खंडन किया है कि ईरान पहले दौर की बातचीत के दौरान परमाणु निरीक्षकों को देश में वापस आने की अनुमति देने पर सहमत हुआ था। इस घोषणा के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजारों में तेल की कीमतों में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई क्योंकि व्यापारियों को वैश्विक बाजारों में अतिरिक्त ईरानी आपूर्ति की उम्मीद थी।