जून 24, 2026 6:14 पूर्वाह्न

printer

अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने ईरान के लिए 300 अरब डॉलर के पुनर्निर्माण कोष की खबरों को खारिज किया

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि जब तक ईरान समर्थित  गुट आतंकी गतिविधियों में लिप्त हैं और हमले जारी रखे हुए हैं, तब तक पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बहाल नहीं हो सकती। अबू धाबी में संवाददताओं से बातचीत में उन्होंने कहा कि लेबनान में संघर्ष-विराम को लेकर चर्चा ईरान के साथ चल रही वार्ता से अलग है। श्री रूबियो ने कहा कि उन्होंने अमरीका के उप-राष्ट्रपति जे.डी. वेंस और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से बात की है और अमरीकी अधिकारी लेबनान में पहल कर रहे हैं। 
 
श्री रूबियो ने इन ख़बरों को खारिज़ किया कि अमरीका ईरान के लिए 300 अरब डॉलर के प्रस्तावित पुनर्निर्माण कोष के लिए क्षेत्रीय सहयोगियों से धन जुटाएगा। उनके अनुसार, ईरान को यह देखना है कि वह क्रांति का रास्ता अपनाता है या अधिक रचनात्मक मार्ग चुनता है। श्री रूबियो ने कहा कि कोई भी कूटनीतिक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान-समर्थित गुटों की गतिविधियों के मुद्दे पर कितनी प्रगति हो पाती है। 
 
पश्चिम एशिया में शांति बहाली को लेकर ईरान और अमरीका के बीच स्विट्ज़रलैंड में हाल ही में वार्ता हुई है। 
 
श्री रूबियो का संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और बहरीन जाने का भी कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य होर्मुज़ जलड़मरूमध्य सहित व्यापक सुरक्षा चिंताओं के समाधान के मुद्दे पर क्षेत्रीय सहयोगियों से परामर्श करना है।