अमरीका ने उसके एफ-16 विमान को नुकसान पहुंचाने के ईरान के दावों का खंडन किया है। ईरानी सरकारी मीडिया ने बताया कि अमरीकी सैन्य विमान को क्षतिग्रस्त होने के कारण आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। अमरीका ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा कि ईरान ने किसी भी अमरीकी एफ-16 लड़ाकू विमान पर हमला नहीं किया।
उसने कहा कि पश्चिम एशिया में मौजूद सभी अमरीकी सैन्य लड़ाकू विमान सुरक्षित हैं और उनकी गिनती हो चुकी है। इस बीच, सऊदी अरब ने हूती विद्रोहियों के ताजा हमलों की सूचना दी है। आज तड़के, सऊदी अरब के राष्ट्रीय प्रारंभिक चेतावनी मंच ने मक्का प्रांत के लिए चेतावनी जारी की, जिसमें निवासियों को संभावित खतरे के प्रति सचेत किया गया। हालांकि, हूतियों ने कहा कि मक्का को उनसे कोई खतरा नहीं है।
हूतियों के अल मसिराह टीवी पर हूती प्रवक्ता ने बताया कि केवल सऊदी तेल केंद्रों और सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वे सभी इस्लामी पवित्र स्थलों का सम्मान करते हैं।