नवम्बर 22, 2026 8:00 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी ने अपील के बाद सोने की खरीद में आई कमी पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले वर्ष देशवासियों से की गई अपील के बाद सोने की खरीद में आई कमी पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की है। लखनऊ में एक कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि उनकी अपील के बाद लोगों ने सोना खरीदना कम किया, जिससे सोने की कीमतों में कमी आई और खरीदारों को पैसे की बचत हुई।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव के बीच लोगों से सोना न खरीदने की अपील की थी। श्री मोदी ने लोगों की इस प्रतिक्रिया की तुलना पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की उस अपील से की, जिसमें उन्होंने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा कि देश में आज भी वही भावना और चरित्र कायम है।

पिछले कुछ महीनों में सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। 24 कैरेट सोने का मूल्य इस वर्ष 9 मई को 15,250 रुपये प्रति ग्राम था, जो कल घटकर 12,523 रुपये प्रति ग्राम रह गया। इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के बीच सोने के आयात में भी लगभग 40 प्रतिशत की गिरावट आई।