अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ किसी भी संभावित समझौते का स्थायी होना और तेहरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना आवश्यक है। एक निजी समाचार चैनल को दिए गए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि उन्हें ईरान में सत्ता परिवर्तन में विशेष दिलचस्पी नहीं है, लेकिन देश के शीर्ष नेतृत्व पर हुए हमलों को उन्होंने एक बड़ा बदलाव बताया।
उन्होंने ईरान के नए नेतृत्व को पहले की तुलना में अधिक तर्कसंगत बताया, लेकिन बातचीत के दौरान उसकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए। ट्रंप ने आरोप लगाया कि तेहरान ने पहले भी कई बार समझौतों का उल्लंघन किया है। उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब वाशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। ट्रंप ने दोहराया कि किसी भी समझौते में अमेरिका की अपेक्षाओं को पूरा किया जाना जरूरी है। इससे पहले, चीन की यात्रा के बाद ट्रंप ने ईरान पर दशकों से अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने का आरोप लगाया था।