अप्रैल 23, 2026 1:32 अपराह्न

printer

अमरीकी सांसदों ने सुरक्षा, व्यापार और वैश्विक स्थिरता के लिए भारत-अमरीका सहयोग मजबूत करने की अपील की

अमरीका में विभिन्न दलों के प्रभावशाली सांसदों ने सुरक्षा, व्यापार और वैश्विक स्थिरता पर भारत-अमरीका के बीच मजबूत सहयोग का आह्वान किया। उन्‍होंने टैरिफ और नीतिगत मतभेदों पर भी चिंता व्‍यक्‍त की।

कैपिटल हिल स्थित भारतीय दूतावास द्वारा आतंकवाद का मानवता पर दुष्‍प्रभाव विषय पर आयोजित प्रदर्शनी में सांसदों ने भारत को एक प्रमुख रणनीतिक साझेदार बताया और वैश्विक चुनौतियों, विशेष रूप से आतंकवाद से निपटने में घनिष्ठ समन्वय पर जोर दिया।

सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि अधिक लेन-देन संबंधी दृष्टिकोण और टैरिफ के कारण संबंध उतने मजबूत नहीं हैं जितने होने चाहिए, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि संबंध राजनीतिक विभाजनों से ऊपर होने चाहिए।

सांसद डेव टेलर ने भारत को अमरीका का अत्यंत महत्वपूर्ण सहयोगी बताया और आतंकवाद सहित वैश्विक खतरों से निपटने के लिए समन्वित नीति का आह्वान किया। श्री बिल हुइज़ेंगा और रो खन्ना सहित अन्य सांसदों ने रक्षा, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग पर बल दिया।

अमरीका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि मजबूत भागीदारी व्यापक राजनीतिक समर्थन को दर्शाती है। सांसदों ने जोर देकर कहा कि मतभेदों के कारण साझेदारी की समग्र दिशा कमजोर नहीं होनी चाहिए।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला