अमरीका, वाशिंगटन में इस्राएल और लेबनान के अधिकारियों के बीच बातचीत की मेजबानी कर रहा है। वार्ता का उद्देश्य संघर्षविराम को मजबूत करना और दोनों देशों के बीच स्थायी शांति और सुरक्षा की दिशा में प्रयास आगे बढ़ाना है। अमरीका के विदेश विभाग ने बताया कि वार्ता का नेतृत्व विदेश विभाग के सलाहकार डैन हॉलर और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के रक्षा सहायक सचिव डैन ज़िम्मरमैन कर रहे हैं। एक अमरीकी अधिकारी ने बताया कि बैठकें संयुक्त सैन्य-राजनीतिक सत्र से शुरू होंगी। इसके बाद एक सैन्य बैठक और एक अंतिम राजनीतिक सत्र होगा। उन्होंमे कहा कि वार्ता का उद्देश्य पड़ोसी देशों के बीच व्यापक समझौते की दिशा में गति प्रदान करना है।
अमरीका के अधिकारी ने बताया कि वाशिंगटन में होने वाली बैठकों से पहले शुक्रवार को विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने इस्राएल के प्रधानमंत्री बेंयामिन नेतन्याहू और लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन से बातचीत की। इन वार्ताओं के बाद लेबनान में हो रहे घटनाक्रमों पर अमरीका ने अतिरिक्त निगरानी रखना शुरू कर दिया है। अधिकारी ने पुष्टि की कि वार्ता जारी रहने के दौरान इस्राएल और लेबनान के प्रतिनिधि कई दिनों तक वाशिंगटन में ही रहेंगे। ये बैठकें इस्राएल-लेबनान सीमा पर बड़े पैमाने पर शत्रुता को रोकने और मौजूदा संघर्षविराम व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अमरीकी राजनयिक प्रयासों में एक नए सिरे से प्रयास को दर्शाती हैं।