अमरीका और जापान ने जापान में उन्नत मध्यम दूरी की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइलों का संयुक्त उत्पादन करने पर सहमति व्यक्त की है। जापान के रक्षा मंत्री शिंजीरो कोइज़ुमी ने बताया कि ऑपरेशन सुपरचार्ज नाम की इस परियोजना के अंतर्गत एफ-35 लड़ाकू विमानों के लिए जरूरी मिसाइल बनाई जाएंगी।
श्री कोइज़ुमी ने यह जानकारी फिलीपींस के सेबू में क्षेत्रीय रक्षा बैठक से इतर अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ मुलाकात के बाद दी। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने क्षेत्र में बढ़ती सुरक्षा चिंताओं के बीच साझेदारी की प्रतिरोधक क्षमता और जवाबी कार्रवाई की क्षमता मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की है।
वहीं, श्री हेगसेथ ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में सहयोगी देशों की रक्षा और उनके विरुद्ध आक्रामकता को रोकने के लिए अमरीका की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने विवादित दक्षिण चीन सागर में चीन के साथ बढ़ते तनाव के बीच फिलीपींस को अमरीका के समर्थन का भी आश्वासन दिया।