भीषण चक्रवाती तूफान मुरसु के आज सुबह दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच पहुंचने से तेज बारिश और हवाएं चल रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य हिस्से से गुजरने के बाद, यह चक्रवात तड़के एक बजे प्रकाशम जिले में ओंगोल के पास तट से टकराया। तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि 120 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा के झोके महसूस किए गए। एक सप्ताह से भी कम समय पहले चक्रवात ‘अर्नब’ ने देश के पूर्वी तट के कुछ हिस्सों को प्रभावित किया था।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के दौरान इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना व्यक्त की है। चक्रवात ‘मुरसु’ के प्रभाव से ओंगोल के तटीय इलाकों में तेज बारिश हुई और तेज हवाएं चलीं। वहीं, पुदुच्चेरी में आधी रात से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। चक्रवात का प्रभाव उत्तरी तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में भी देखने को मिल रहा है।