नवम्बर 3, 2026 6:36 पूर्वाह्न

printer

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लगभग 21,800 करोड़ रुपये की पुणे मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और आधारशिला रखेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली पुणे मेट्रो लाइन तीन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 23 किलोमीटर लंबी यह ‘पिंक लाइन’, मान को डिस्ट्रिक्ट कोर्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ती है। यह कॉरिडोर हिंजवडी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे पुणे के प्रमुख रोजगार केंद्रों तक पहुंच आसान होगी और हजारों आईटी पेशेवरों तथा अन्य यात्रियों के लिए हर दिन का सफर सुविधाजनक बनेगा। इस कॉरिडोर के मौजूदा मेट्रो नेटवर्क के साथ जुड़ने से पुणे के विभिन्न हिस्सों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, यातायात जाम और वाहनों से होने वाले उत्सर्जन में कमी आएगी तथा प्रमुख व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों तक पहुंच बेहतर होगी।

‘पिंक लाइन’ में महिला सशक्तिकरण सहित समावेशी सार्वजनिक परिवहन पर विशेष ध्‍यान दिया गया है। एक अनूठी पहल के अंतर्गत इस लाइन का संचालन पूरी तरह से महिला ट्रेन ऑपरेटरों द्वारा किया जाएगा। यह परियोजना सतत पर्यावरण पर भी जोर देती है। इसकी कुल बिजली जरूरत का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा सौर ऊर्जा से पूरा करने की योजना है।

श्री मोदी पुणे मेट्रो के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे। इस पर लगभग 13,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी। दूसरे चरण में पुणे मेट्रो की लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं। इससे महत्वपूर्ण आवासीय, व्यावसायिक और आईटी केंद्रों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। दूसरे चरण के अंतर्गत, लाइन 2ए और 2बी की कुल लंबाई लगभग 12.75 किलोमीटर होगी। ये परियोजनाएं पुणे के सार्वजनिक परिवहन ढांचे को मजबूत करेंगी, पूरे शहर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगी और यात्रियों को कुशल और एकीकृत शहरी परिवहन नेटवर्क प्रदान करेंगी।