नवम्बर 3, 2026 6:33 पूर्वाह्न

printer

गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव के नेतृत्व में अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने चक्रवात अर्नब से प्रभावित यनम का दौरा किया

चक्रवात अर्नब से प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव चित्तरंजन दाश के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने कल पुद्दुचेरी के यनम का दौरा किया। दल में कृषि और किसान कल्याण विभाग के अपर आयुक्त प्रशांत अरमोककर, व्यय विभाग के सहायक निदेशक हिमालय गर्ग और बिजली मंत्रालय के उप निदेशक प्रणय गर्ग शामिल थे।

यनम के क्षेत्रीय प्रशासक शिवराज मीणा ने दल को चक्रवात से हुए नुकसान की जानकारी दी। इसके बाद दल ने वृद्धाश्रम की क्षतिग्रस्त इमारतों, दरियालाटिप्पा में फसलों और अन्य क्षतियों का निरीक्षण किया। सावित्रीनगर के निवासियों ने भी दल को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। निरीक्षण के दौरान पुद्दुचेरी के कलेक्टर कुलोथुंगन, आईटी सचिव ठाकुर, कृषि निदेशक जयशंकर, मत्स्य निदेशक इस्माइल और मुख्य अभियंता वीरासेल्वम सहित अन्य अधिकारी भी दल के साथ मौजूद थे।

इस बीच, पुद्दुचेरी के कलेक्टर कुलोथुंगन ने बताया कि राज्य सरकार ने चक्रवात से राहत और यानम में स्थायी सुरक्षा उपायों के लिए केंद्र से 213 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि समय रहते एहतियाती कदम उठाए जाने से यानम में जनहानि को रोका जा सका, हालांकि संपत्ति और अन्य नुकसान हुए हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में प्राकृतिक आपदाओं से बेहतर तरीके से निपटने की तैयारी मजबूत करने के लिए सरकार तीन करोड़ रुपये के आपदा प्रबंधन उपकरण खरीदने की व्यवस्था कर रही है।