अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस ने कहा है कि अमरीका और ईरान के सैन्य प्रतिनिधि संघर्ष टालने के लिए एक सीधा सम्पर्क स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। श्री वैंस ने एक ब्रिटिश समाचार को दिए साक्षात्कार में यह जानकारी दी। इसके अंतर्गत ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर – आईआरजीसी और अमरीकी सेना के सेंट्रल कमांड – सेंटकॉम के प्रतिनिधि कतर के दोहा में तैनात रहेंगे।
इस बीच, अमरीका और खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) ने आज बहरीन के मनामा में एक मंत्रिस्तरीय बैठक में अपनी रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि की। इस बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा, ईरान के साथ कूटनीति, सीरिया और लेबनान में स्थिरता तथा गाजा में पुनर्निर्माण प्रयासों के प्रति प्रतिबद्धता पर बल दिया गया। इस बैठक की सह-अध्यक्षता अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो और बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुललतीफ बिन राशिद अल ज़ायनी ने की। इस बैठक में जीसीसी सदस्य देशों के विदेश मंत्रियों और जीसीसी महासचिव जसीम अलबुदैवी ने भाग लिया।