जून 23, 2026 12:46 अपराह्न

printer

क्वांटम प्रौद्योगिकी में अमरीकी नेतृत्व के लिए अमरीकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने दो कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने क्वांटम प्रौद्योगिकी में अमरीकी नेतृत्व को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दो कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए हैं। व्हाइट हाउस में श्री ट्रम्प ने कहा कि पहला आदेश महत्वपूर्ण वैज्ञानिक गणना करने में सक्षम क्वांटम कंप्यूटर विकसित करने के लिए एक राष्ट्रीय प्रयास की शुरुआत करता है। इसका उद्देश्य अगले पांच वर्षों के भीतर क्वांटम-सक्षम सेंसर और नेटवर्क को उन्नत करना भी है। दूसरा आदेश संघीय एजेंसियों को 2031 तक क्वांटम क्रिप्टोग्राफी में परिवर्तित करेगा। इस कदम से साइबर सुरक्षा मजबूत होगी और उन्नत सुरक्षा मानकों को व्यापक रूप से अपनाने को प्रोत्साहन मिलेगा।

इस आदेश में वाणिज्य, युद्ध और ऊर्जा सचिवों के साथ-साथ नासा के प्रशासक को भी पांच वर्षों के भीतर क्वांटम-सक्षम सेंसर और नेटवर्क तैनात करने का निर्देश दिया गया है। व्हाइट हाउस ने कहा कि ये प्रौद्योगिकियां विनिर्माण, दवा खोज, कृषि और ऊर्जा में महत्वपूर्ण प्रगति ला सकती हैं।