नवम्बर 20, 2026 8:31 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने हरियाणा में 187 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ यमुनानगर जिले के बिलासपुर में लगभग 187 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 16 नए अमृत फार्मेसी केंद्र शामिल हैं, जहां आम लोगों को जीवनरक्षक दवाएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा, 11 जल कार्य केंद्रों में नए टैंकों के निर्माण और जगाधरी शहर में पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास का काम भी शुरू किया गया। इससे पहले, उन्होंने पुलिस विभाग के लिए एक मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन भी किया।

केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार को गरीबों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गरीबों को मुफ्त इलाज के साथ-साथ ओपीडी में उपचार के लिए सस्ती दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि आज देशभर में हजारों जन औषधि केंद्र गरीबों को किफायती दरों पर दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं।