गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस को अरुणाचल प्रदेश के किसानों से सीधे कृषि उपज खरीदने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्थानीय किसानों को बेहतर बाजार और आर्थिक लाभ मिलेंगे, साथ ही सुरक्षा बलों के लिए गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता भी सुनिश्चित होगी। ईटानगर के दोरजी खांडू राज्य सम्मेलन केंद्र में आज अरुणाचल प्रदेश सहकारिता दृष्टि-पत्र 2027 सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि इस तरह की पहल से सुरक्षा बलों और स्थानीय आबादी के बीच विश्वास और सहयोग का बंधन भी मजबूत होगा।
गृह मंत्री ने राज्य में अवसंरचना के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में वृद्धि की गई है, जिससे विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति हुई है। गृह मंत्री आत्मनिर्भरता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि राज्य और देश को स्वावलंबन पहलों को मजबूत करके आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार से रोजगार के अवसर और विकास के लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने का आग्रह किया। श्री शाह ने उद्यमियों, किसानों और मछली पालकों को सरकारी पहलों से निकटता से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
गृह मंत्री ने पासीघाट को डिब्रूगढ़ से जोड़ने वाले बोगीबील पुल, नामचिक-नामफुक कोयला खनन परियोजना, दिबांग बहुउद्देशीय जलविद्युत परियोजना और डोनी पोलो हवाई अड्डे सहित महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उल्लेख किया। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर में विकास कार्य में अरुणाचल प्रदेश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अरुणाचल प्रदेश पुलिस को प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित किया गया है। गृह मंत्री आज इटानगर के पास होलोंगी में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन भी करेंगे।