ईरान और अमरीका के बीच दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह ईरान को समझौते के लिए पहले से बेहतर प्रस्ताव दे रहे हैं।
सोशल मीडिया अकाउंट ‘ट्रुथ सोशल’ में उन्होंने यह भी लिखा कि ईरान के साथ प्रस्तावित नया समझौता 2015 के उस परमाणु समझौते से कहीं बेहतर होगा, जिससे वे 2018 में अलग हो गए थे। आगे उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति जेडी वैंस, उनके दामाद जेरेड कुशनर और विशेष प्रतिनिधि स्टीव विटकॉफ दूसरे दौर की वार्ता के लिए इस्लामाबाद जा रहे हैं।
हालांकि, ईरान ने अभी तक वार्ता में शामिल होने की पुष्टि नहीं की है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा है कि अभी तक अगली वार्ता को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
इस बीच, होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव जारी है। अमरीका ने ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी कर रखी है, जबकि ईरान लगभग दो सप्ताह पहले हुए युद्धविराम के दौरान जलडमरूमध्य को खुला रखने की अपनी प्रतिबद्धता से पीछे हट गया है।