इस्लामाबाद में संभावित अमेरिका और ईरान वार्ता पर अनिश्चितता के बादल छा गए हैं, जिसे ईरान के अड़ियल रवैये और व्हाइट हाउस से मिल रहे बदलते संकेतों ने और हवा दी है।
ईरान के मुख्य वार्ताकार और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान, धमकियों के बीच वार्ता स्वीकार नहीं करता और इस्लामी गणराज्य युद्ध के मैदान में नए पत्ते खोलने की तैयारी कर रहा है।
इस बीच, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने स्क्रीन पर एक चेतावनी जारी करते हुए कहा कि ईरान का कोई प्रतिनिधिमंडल अभी तक पाकिस्तान के इस्लामाबाद नहीं आया है। यह चेतावनी संभवतः ईरान के धार्मिक शासन के भीतर चल रही आंतरिक बहस को दर्शाती है, क्योंकि सरकार सप्ताहांत में अमेरिका की नौसेना द्वारा एक ईरानी कंटेनर जहाज को जब्त किए जाने पर प्रतिक्रिया देने पर विचार कर रही है। पिछली बार, संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने ईरानी पक्ष का नेतृत्व किया था।
दूसरी ओर, अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने ईरान के खिलाफ अमेरिका के युद्ध के भविष्य के बारे में मिले-जुले संदेश दिए और कहा कि उन्हें संघर्ष को समाप्त करने की कोई जल्दी नहीं है। राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया है कि अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस वार्ता में अमेरिका के दल का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि कल युद्धविराम समाप्त होने से पहले इसे नवीनीकृत करने की संभावना बहुत कम है।
युद्ध शुरू होने के बाद से, ईरान में कम से कम 3,375 और लेबनान में 2,290 से अधिक लोग मारे गए हैं। इसके अलावा, इस्रराएल में 23 और खाड़ी अरब देशों में 12 से अधिक लोग मारे गए हैं। लेबनान में 15 इस्रराएल के सैनिक और पूरे क्षेत्र में 13 अमरीकी सैनिक शहीद हुए हैं।