जून 11, 2026 9:07 अपराह्न

printer

यू.एन.ए.एम.ए ने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद तनाव कम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई

संयुक्त राष्ट्र अफगान सहायता मिशन-यू.एन.ए.एम.ए ने पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में किए गए हवाई हमलों के बाद तनाव कम करने और स्थायी युद्धविराम की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इन हमलों में 13 नागरिकों की मौत हुई।  
 
सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में यू.एन.ए.एम.ए ने कहा कि 9 और 10 जून की रात खोस्त, कुनार और पक्तिका में हुए हवाई हमलों में 13 नागरिक मारे गए और 10 घायल हो गए। इनमें अधिकतर महिलाएं और बच्चे थे।
 
यूएनएएमए ने सभी पक्षों से तनाव कम करने, स्थायी युद्धविराम स्थापित करने, नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सीमा चौकियां खोलने की अपील की, ताकि मानवीय सहायता और बातचीत संभव हो सके।
 
अफगानिस्तान में पूर्व अमरीकी राजदूत ज़ल्मे खलीलज़ाद ने भी पाकिस्तानी हवाई हमलों की कड़ी निंदा की और कहा कि इस तरह की हिंसा से दोनों देशों के बीच तनाव का समाधान नहीं होगा। उन्होंने इस्लामाबाद की वर्तमान नीति को विफल बताते हुए गंभीर कूटनीतिक बातचीत की आवश्यकता पर बल दिया।
 
अफगान विदेश मंत्रालय ने काबुल में पाकिस्तान के प्रभारी राजदूत को तलब कर हवाई क्षेत्र के उल्लंघन और आवासीय इलाकों पर हमलों की कड़ी निंदा की।