अक्टूबर 18, 2026 5:26 अपराह्न

printer

यूक्रेन का रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला, एक हजार से अधिक ड्रोन का इस्तेमाल

यूक्रेन की सेना ने आज रूस पर अपना अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया जिसमें एक हजार से अधिक ड्रोन शामिल थे। इस हमले से सेंट पीटर्सबर्ग में एक तेल निर्यात टर्मिनल में आग लग गई। सेंट पीटर्सबर्ग के गवर्नर अलेक्जेंडर बेग्लोव ने कहा कि हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हो गए तथा शहर के रूची तेल डिपो में आग लग गई।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने 15 रूसी क्षेत्रों के साथ-साथ रूसी नियंत्रण वाले यूक्रेनी प्रायद्वीप क्रीमिया और काला सागर में एक हजार से अधिक यूक्रेनी ड्रोन नष्ट कर दिए हैं। रूसी सेनाओं ने दक्षिणी यूक्रेनी शहर ज़ापोरिज़िया पर दो हमले किए, जिसमें एक महिला की मौत हो गई और कम से कम दो अन्य लोग घायल हो गए।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन के ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर रूस के लगातार हवाई हमलों की निंदा की। इसके अलावा, उन्‍होंने मॉस्को पर अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प द्वारा घोषित ऊर्जा युद्धविराम का उल्लंघन करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पोस्ट में, ज़ेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप की घोषणा के बाद से एक सप्ताह में रूस ने यूक्रेन के ऊर्जा, तेल और गैस क्षेत्रों को निशाना बनाकर 76 हमले किए हैं, जबकि उन्होंने दोनों पक्षों से ऐसे हमलों को रोकने का आह्वान किया था।