अक्टूबर 19, 2026 8:09 पूर्वाह्न

printer

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज मुंबई में यूएई के विदेश मंत्री से करेंगे मुलाकात, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की होगी समीक्षा

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर आज मुंबई में संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करेंगे। नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस यात्रा के दौरान भारत और यूएई के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की जाएगी। दोनों पक्ष ऊर्जा, व्यापार, निवेश, फिनटेक, रक्षा और संपर्क के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे। श्री जायसवाल ने बताया कि डॉ. जयशंकर कल मुंबई में अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ भी वार्ता करेंगे।

डॉ. जयशंकर अमरीका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अमरीकी विदेश मंत्री की यात्रा के दौरान भारत और अमरीका अपने संबंधों की समीक्षा करेंगे और व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा करेंगे। वार्ता में ऊर्जा, व्यापार, निवेश, रक्षा तथा महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित आपसी हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। दोनों पक्ष क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। यह यात्रा दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय संवाद को जारी रखने और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने का अवसर होगी।