अक्टूबर 19, 2026 10:29 पूर्वाह्न

printer

सरकार ने कैंसर की 137 दवाओं के मुनाफे की अधिकतम सीमा 30 प्रतिशत तक सीमित की

राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण-एनपीपीए ने कैंसर की 137 दवाओं पर व्यापार मुनाफे की सीमा 30 प्रतिशत तय कर दी है। इससे इन दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमतों में 70 प्रतिशत तक की कमी आने की उम्मीद है। 17 अक्टूबर को जारी अधिसूचना के अनुसार, नई कीमतें 9 नवंबर से लागू होंगी। इस फैसले का उद्देश्य कैंसर की दवाओं की कीमतें कम करना और मरीजों पर इलाज का आर्थिक बोझ घटाना है। इन दवाओं में कई तरह के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।

पेम्ब्रोलिजुमैब, डुरवालुमैब और ओसिमर्टिनिब जैसी प्रमुख दवाएं भी इस सूची में हैं। इससे पहले, वर्ष 2019 में एनपीपीए ने 42 कैंसर की दवाओं पर भी व्यापार मुनाफे की सीमा 30 प्रतिशत तय की थी। इससे 526 ब्रांड की दवाओं की कीमतों में 90 प्रतिशत तक की कमी आई थी। नई सूची विशेषज्ञों की सिफारिश पर तैयार की गई है और समय-समय पर इसकी समीक्षा की जाएगी। एनपीपीए ने दवा कंपनियों को नई कीमतों की जानकारी सात दिन के भीतर देने का निर्देश दिया है। कंपनियों को नई कीमतों की सूची अपनी वेबसाइट पर डालनी होगी और दवा विक्रेताओं तथा अस्पतालों तक भी पहुंचानी होगी।