महिला क्रिकेट में भारत ने रायपुर में खेले गए दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में दो-शून्य की अजेय बढ़त बना ली है। 103 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने केवल 8 ओवर और 5 गेंद में एक विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने 25 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि कप्तान स्मृति मंधाना 47 रन बनाकर नाबाद रहीं। इससे पहले, जिम्बाब्वे ने 8 विकेट पर 102 रन बनाए थे। भारत की ओर से निकी प्रसाद ने दो विकेट लिए। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सुझाव पर तीनों टी-20 मैचों में महिला दर्शकों को मुफ्त प्रवेश दिया जा रहा है। श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच कल खेला जाएगा। इसके बाद भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला वडोदरा में होगी।
News On AIR | अक्टूबर 19, 2026 7:54 पूर्वाह्न
भारतीय महिला टीम ने दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच में जिम्बाब्वे को 9 विकेट से हराया