सितम्बर 12, 2026 6:01 अपराह्न

printer

ब्रिक्स सम्मेलन के चलते दिल्ली में 22 स्थानों पर यातायात परिवर्तित

नई दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण, आज रात नौ बजे तक दिल्ली के 22 स्‍थानों पर यातायात परिवर्तित और 35 से अधिक मार्गों पर नियंत्रित किया गया है। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, सरदार पटेल मार्ग, तीन मूर्ति मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग और प्रेस एन्क्लेव रोड सहित आसपास के अन्‍य प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस ने लोगों से यात्रा के लिए पहले अतिरिक्त समय लेकर चलने और सार्वजनिक परिवहन विशेषकर मेट्रो इस्‍तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही, लोगों से परिवर्तित मार्गों और यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। यातायात पुलिस ने बताया कि आपातकालीन और आवश्यक सेवा वाहनों को प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दिया जाएगा।