दिल्ली यातायात पुलिस ने अरुण जेटली स्टेडियम में कल होने वाले भारत-अफगानिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच के मद्देनजर यातायात परामर्श जारी किया है। मैच शाम सात बजे से रात साढ़े ग्यारह बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि दर्शकों के आवाजाही के कारण स्टेडियम के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। यातायात पुलिस ने बताया कि इस दौरान बहादुर शाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग और जेएलएन मार्ग पर आवश्यकता के अनुसार यातायात प्रतिबंधित और मार्ग परिवर्तित होने की संभावना है।
यातायात पुलिस ने दर्शकों को उनके प्रवेश द्वार के अनुसार निर्धारित मार्गों से स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी है। वाहनों की पार्किंग के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर निःशुल्क पार्किंग तथा पार्क और राइड सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि स्टेडियम के आसपास सामान्य पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। यातायात पुलिस ने लोगों से यात्रा की योजना पहले से बनाने, निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने और मौके पर तैनात यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।