जून 18, 2026 11:40 पूर्वाह्न

printer

अमरीकी राष्ट्रपति और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने 14 सूत्रीय शांति समझौते पर किए हस्ताक्षर

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने दोनों देशों के बीच शत्रुता समाप्त करने के लिए 14 सूत्रीय शांति समझौते पर वर्चुअल रूप से हस्ताक्षर कर दिये हैं। इसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अंतिम समझौते सहित प्रतिबंध हटाने पर 60 दिनों की वार्ता प्रक्रिया शुरू करना भी शामिल है।

अमरीका की ओर से आधिकारिक बयान में कहा गया कि श्री ट्रंप ने कल पेरिस में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात के दौरान व्यक्तिगत रूप से समझौते पर हस्ताक्षर किए।

ईरान विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी समझौते पर हस्ताक्षर की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि ओमान और अन्य देशों के साथ कुछ समय से परामर्श जारी था और होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर काफी हद तक सहमति बन गई है।

इस 14 सूत्री समझौते में लेबनान सहित सैन्य अभियानों की तत्काल और स्थायी समाप्ति तथा 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते पर वार्ता पूरी करने का वादा शामिल है। इस अवधि को आपसी सहमति से बढ़ाया भी जा सकता है।

अमरीका समझौते के तहत नौसैनिक नाकाबंदी और संबंधित प्रतिबंधों को हटाना शुरू करेगा, जबकि ईरान शुरुआती 60 दिनों की अवधि के लिए वाणिज्यिक जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से बिना किसी शुल्क के सुरक्षित रूप से गुजरने की सुविधा प्रदान करेगा।

दस्तावेज़ में प्रतिबंधों को चरणबद्ध तरीके से हटाने, ईरान की जब्त संपत्तियों को जारी करने, ईरानी तेल निर्यात पर शुल्क छूट और ईरान के लिए कम से कम 300 अरब अमरीकी डॉलर के आर्थिक विकास कार्यक्रम की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा ईरान ने परमाणु हथियार विकसित न करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है। समझौते में अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी की देखरेख में ईरान के समृद्ध यूरेनियम भंडार के भविष्य पर चर्चा का भी प्रावधान है।