नवम्बर 21, 2026 9:37 पूर्वाह्न

printer

अमरीका उन कंपनियों पर भारी कर लगा सकता है, जो देश से बाहर डेटा सेंटर स्थापित करेंगी: डॉनल्‍ड ट्रम्प

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्प ने चेतावनी दी है कि अमरीका उन कंपनियों पर भारी कर लगा सकता है, जो देश से बाहर डेटा सेंटर स्थापित करेंगी। उन्होंने कहा कि एआई और इससे जुड़ी प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में अमरीका को चीन पर अपनी वरीयता बनाए रखनी होगी।

श्री ट्रम्प ने एशिया की चार दिन की यात्रा से लौटने के बाद कल रात वाशिंगटन में पत्रकारों से बातचीत में ये बातें कहीं। श्री डॉनल्‍ड ट्रंप ने कहा कि अमरीका की कंपनियों को देश के भीतर डेटा सेंटर स्थापित करने में निवेश करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन परियोजनाओं से स्थानीय समुदायों को भी लाभ मिले। उन्होंने कंपनियों को स्थानीय समुदायों के साथ बातचीत करने और उन्हें आर्थिक सहायता तथा रोजगार के अवसर जैसे लाभ देने का सुझाव भी दिया।

 संवाददाताओं से बातचीत में मनीला में संपन्‍न क्‍वाड नेताओं के शिखर सम्‍मेलन के परिणामों का भी उल्‍लेख किया, जहां भारत, अमरीका, ऑस्‍ट्रेलिया और जापान के नेताओं ने उभरती प्रौद्योगिकियों, आर्थिक सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर बातचीत की। श्री ट्रंप ने बताया कि सभी देश क्‍वाड ढांचे के अंतर्गत नई आर्टिफिश‍ियल इंटेलिजेंस पहल शुरू करने के लिए सहमत हुए। ‘क्वाड एसआई एक्सेलरेटर’ नाम की इस पहल का उद्देश्य उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रौद्योगिकियों, विशेष रूप से उनके शब्दों में ‘सुपर इंटेलिजेंस’ के विकास में चारों देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल में भाग लेने वाले देशों के साझा हितों वाले क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

घरेलू निवेश के महत्व पर जोर देते हुए श्री ट्रम्प ने कहा कि पहले प्रौद्योगिकी विनिर्माण और बुनियादी ढांचे को विदेशों में स्थानांतरित करने से अमरीकी अर्थव्यवस्था कमजोर हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि डेटा सेंटर परियोजनाओं के लिए मंजूरी मिलने में होने वाली देरी भी कंपनियों को विदेशों में निवेश करने के लिए प्रेरित कर सकती है।