संयुक्त राष्ट्र के क्षति राहत कोष ने विनाशकारी बाढ़ से उबरने में नेपाल की मदद के लिए दो करोड़ अमरीकी डॉलर की सहायता मंजूर की है। राहत कोष बोर्ड की कल हुई विशेष बैठक में नेपाल के तत्काल अनुरोध के बाद यह निर्णय लिया गया है।
इस वर्ष 26 अगस्त को हिमालय में हिमस्खलन से भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में बाढ़ आ गई थी। इससे मकान, सड़कें, पनबिजली परियोजनाएं और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे नष्ट हो गए थे।
इस आपदा से दो अरब 70 करोड़ डॉलर का नुकसान हुआ है। इसके पुनर्वास और पुनर्निर्माण के लिए लगभग चार अरब 70 करोड़ डॉलर की आवश्यकता होगी। प्रस्तावित दो करोड़ डॉलर की सहायता से इन प्रयासों में मदद मिलेगी। हालांकी यह सहायता राशि अभी जारी नहीं की गई है। नेपाल को मंजूरी के लिए संयुक्त राष्ट्र के क्षति राहत कोष के समक्ष विस्तृत परियोजना प्रस्ताव प्रस्तुत करना होगा।