ट्रम्प प्रशासन हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमरीका प्रथम दृष्टिकोण के अंतर्गत गठबंधनों को मजबूत कर रहा है। अमरीका क्वाड के माध्यम से भारत के साथ सहयोग बढ़ा रहा है और महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखलाओं को चीन से दूर विविधतापूर्ण बनाने की दिशा में कदम उठा रहा है। पूर्वी एशियाई और प्रशांत मामलों के सहायक विदेश मंत्री माइकल जी. डीसोम्ब्रे ने कहा कि इस क्षेत्र का अमरीका के लिए अत्यंत रणनीतिक महत्व है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का दृष्टिकोण क्वाड के साथ गठबंधनों को मजबूत करने और संबंधों को प्रगाढ करने, जापान, दक्षिण कोरिया और फिलीपींस के साथ त्रिपक्षीय सहयोग और औकुस जैसी प्रमुख साझेदारियों पर आधारित है। श्री डीसोम्ब्रे ने बताया कि अमरीका ताइवान जलडमरूमध्य में शांति बनाए रखने, नौवहन की स्वतंत्रता, समुद्री कानून प्रवर्तन को मजबूत करने और महत्वपूर्ण खनिजों के लिए चीन पर निर्भरता कम करने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
वरिष्ठ सदस्य अमी बेरा ने क्वाड में भारत की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत ने अमरीका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ इस समूह के माध्यम से क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।