रूस के कब्जे वाले क्रीमिया क्षेत्र में आज आम लोगों के लिए पेट्रोल की बिक्री रोक दी गई है। यह फैसला यूक्रेन के हालिया हमलों के बाद लिया गया है, जिससे ईंधन आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है।
क्रीमिया के रूस समर्थित प्रमुख सर्गेई अक्स्योनोव ने कहा कि रातभर हुए हमलों में चार लोगों की मौत हुई है। 28 लोग घायल हुए हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल पेट्रोल केवल सरकारी एजेंसियों को दिया जाएगा। ये एजेंसियां क्षेत्र के प्रशासन और सुरक्षा का काम संभालती हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि क्रीमिया के एक तेल भंडारण केंद्र और रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र की एक तेल परिवहन सुविधा को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि ये हमले रूस के ऊर्जा ढांचे पर दबाव बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा हैं।
वहीं, रूस के अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन हमले से काला सागर के एक तेल टर्मिनल में आग लग गई।