सितम्बर 23, 2026 7:11 अपराह्न

printer

सरकार पश्चिम बंगाल में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कदम उठा रही

सरकार पश्चिम बंगाल में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने के लिए कदम उठा रही है। मूल्य स्थिरीकरण कोष-पीएसएफ के बफर स्टॉक से प्याज लेकर चलने वाली कांदा एक्सप्रेस कल कोलकाता पहुंचेगी। उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा कि कांदा एक्सप्रेस के पहुंचने से अधिक मात्रा में प्याज की तेज आवाजाही संभव होगी और कोलकाता तथा आसपास के जिलों में प्याज की आपूर्ति मजबूत होगी। त्योहारों के मौसम को देखते हुए यह कदम महत्वपूर्ण है।

मंत्रालय ने बताया कि पश्चिम बंगाल में अब तक राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ-नेफेड और राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ-एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के जरिए करीब एक हजार चार सौ मीट्रिक टन प्याज वितरित किया जा चुका है। इनकी बिक्री मुख्य रूप से सड़क मार्ग से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से की जा रही है।

मंत्रालय ने कहा कि कांदा एक्सप्रेस से आने वाली प्याज की अतिरिक्त खेप कोलकाता और आसपास के जिलों में अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाई जाएगी। इससे बाजार में प्याज की उपलब्धता बढ़ाने और मौसमी कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिलेगी। कोलकाता में कोले मार्केट, मेचुआ मंडी, मानिकतला मार्केट, रामपुरिया मार्केट और श्यामबाजार मार्केट समेत 25 से अधिक स्थानों पर प्याज की खुदरा बिक्री की जा रही है।

कोलकाता पहुंचने वाली कांदा एक्सप्रेस, पीएसएफ के बफर स्टॉक से प्याज की नियंत्रित मात्रा में आपूर्ति करने की सरकार की रणनीति का हिस्सा है। इसके अंतर्गत रेल और सड़क परिवहन के मिश्रित नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि प्याज की बढ़ी हुई उपलब्धता से देश के कई हिस्सों में कीमतों का दबाव कम होना शुरू हो गया है। बफर स्टॉक की प्याज देशभर के 100 से अधिक शहरों में पहुंचाई गई है।