नवम्बर 20, 2026 7:57 पूर्वाह्न

printer

सरकार ने पी.जी.आई.एम.ई.आर. चंडीगढ़ परिसर में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने को मंजूरी दी

सरकार ने चंडीगढ़ के सारंगपुर परिसर स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पी.जी.आई.एम.ई.आर.) में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि इस परियोजना पर 456 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कॉलेज में एम.बी.बी.एस. की 125 सीटें होंगी। लगभग 51 एकड़ में बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, उन्नत सिमुलेशन सुविधाएं, क्लिनिकल प्रशिक्षण और अनुसंधान से जुड़ा बुनियादी ढांचा उपलब्ध होगा। इससे कुशल चिकित्सा पेशेवरों की नई पीढ़ी तैयार करने में मदद मिलेगी।

श्री नड्डा ने कहा कि इस मंजूरी के साथ अगले पांच वर्षों में देश में 75 हजार मेडिकल सीटें बढ़ाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि इस पहल से चिकित्सा शिक्षा को मजबूती मिलेगी और देश में कुशल स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।