नवम्बर 20, 2026 6:49 पूर्वाह्न

printer

नई दिल्ली: पुराना किला में एससीओ के पहले सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली के पुराना किला में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। वे इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। तीन दिन के इस मंच का उद्देश्य क्षेत्र की समृद्ध और परस्पर जुड़ी सभ्यतागत विरासत का उत्सव मनाना, लोगों के बीच आपसी संपर्क मजबूत करना तथा विभिन्न संस्कृतियों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना है।

उद्घाटन समारोह में ‘सभ्यताओं का संवाद – सांस्कृतिक प्रस्तुति’ का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कथाओं और वाचन का समावेश होगा। इस मंच के अंतर्गत भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को दर्शाने वाली प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इनका शीर्षक ‘अस्तित्व – हमारे होने का सार’ रखा गया है। इनमें पुरातात्विक साक्ष्यों के माध्यम से एक हजार दो सौ ईसा पूर्व से एक हजार दो सौ ईस्वी तक दिल्ली के इतिहास की झलक प्रस्तुत की जाएगी।

इक्कीस और बाईस नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विषय विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। इन सत्रों में संगीत और प्रदर्शन कलाओं, वस्त्रों, खान-पान तथा पारंपरिक खेलों सहित विभिन्न सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों पर चर्चा होगी।