नवम्बर 20, 2026 6:55 पूर्वाह्न

printer

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने फिक्की की वार्षिक आम बैठक और सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित किया

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारतीय उद्योग जगत से हाल ही में हुए मुक्त व्यापार समझौतों से खुलने वाले अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया है। श्री गोयल ने कल नई दिल्ली में फिक्की की वार्षिक आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में वैश्विक बाजारों में भारत की तरजीही पहुंच में 60 ट्रिलियन डॉलर का विस्तार हुआ है।     इससे भारत की कुल तरजीही बाजार पहुंच लगभग 70 ट्रिलियन डॉलर हो गई है।

मिस्र और इटली की अपनी हाल की यात्राओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि भारत के साथ काम करने में अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की बढ़ती रुचि देश की वैश्विक स्थिति में हो रहे सुधार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि मिस्र के साथ तरजीही व्यापार समझौते या मुक्त व्यापार समझौते की संभावनाएं तलाशने के लिए बातचीत शुरू की गई है। वहीं, भारत और यूरोपीय संघ के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को लेकर इटली के उद्योग जगत में काफी रुचि है।

देश की बढ़ती आर्थिक ताकत और वैश्विक भागीदारी का उल्लेख करते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत ने वित्त वर्ष 2026-27 में एक ट्रिलियन डॉलर के निर्यात का लक्ष्य रखा है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीनों में देश ने 480 अरब डॉलर का निर्यात किया है। मंत्री ने पिछले एक दशक में भारत में आए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान बुनियादी ढांचे, डिजिटल संपर्क, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि देश का बढ़ता मध्यम वर्ग, उसकी क्रय शक्ति और घरेलू बाजार का विस्तार आर्थिक विकास के लिए मजबूत आधार प्रदान करते हैं।